Edited By Vikas Tiwari, Updated: 10 May, 2026 06:31 PM

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने रविवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। धार्मिक आयोजन में...
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने रविवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यज्ञमंडप में हरिनाम संकीर्तन करते हुए परिक्रमा की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कृति-परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम कलिबा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही हनुमान टेकरी में सामुदायिक भवन और सूर्य नमस्कार की मुद्राओं की प्रतिकृति निर्माण की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को अब तक 17 हजार 500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दी जा चुकी है। साथ ही रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार, बिजली बिल समाधान योजना और नवगठित पैक्स समितियों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर Jageshwar Yadav, श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, श्री सालिक साय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।