Edited By Himansh sharma, Updated: 10 May, 2026 04:21 PM

मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष बागरी को बुरहानपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बुरहानपुर को नया एसपी मिल गया है।
दरअसल, 2 मई को प्रदेश में 62 आईपीएस अधिकारियों के बड़े तबादले किए गए थे। उसी दौरान बुरहानपुर के तत्कालीन एसपी देवेंद्र पाटीदार को झाबुआ भेज दिया गया था। इसके बाद से बुरहानपुर में एसपी का पद खाली चल रहा था। अब सरकार ने 17वीं बटालियन भिंड में पदस्थ सेनानी आशुतोष बागरी को जिले की कमान सौंप दी है।
गृह विभाग के आदेश में डीआईजी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। ग्वालियर की दूसरी बटालियन में पदस्थ डीआईजी राकेश सगर को पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल भेजा गया है। वहीं ग्वालियर में एडिशनल एसपी के पद पर कार्यरत विदिता डागर को दूसरी बटालियन ग्वालियर का कमांडेंट बनाया गया है।
प्रदेश में लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर बुरहानपुर जैसे संवेदनशील जिले में नए एसपी की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।