Edited By Himansh sharma, Updated: 10 May, 2026 12:25 PM

जिले के अंतिम छोर ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शहडोल। जिले के अंतिम छोर ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बीजेपी युवा मोर्चा के टिहकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी भी शामिल हैं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टिहकी निवासी राहुल द्विवेदी अपने दोस्त अतुल तिवारी के साथ एक शादी समारोह से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ग्राम जोड़ा पुल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है।