उज्जैन में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने 5 लोगों को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत

Edited By Himansh sharma, Updated: 03 May, 2026 07:32 PM

ujjain road horror car rams 5 driver flees

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल नगर में रविवार को एक दर्दनाक और भयावह सड़क हादसा हो गया

उज्जैन (विशाल सिंह): मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल नगर में रविवार को एक दर्दनाक और भयावह सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यह हादसा नई दिल्ली मोड़ पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार एक एर्टिगा कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बेहद तेज गति से आ रही थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन ने पहले दो महिलाओं और फिर पास में चल रहे तीन बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 55 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उज्जैन रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम जैसी स्थिति बना दी। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इस क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एर्टिगा कार तेज गति से आकर सीधे पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारती है, जिसके बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो जाता है।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!