Edited By Himansh sharma, Updated: 08 May, 2026 06:17 PM

जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
धार। जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एबी रोड स्थित ग्राम दूधी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीजेपी मंडल अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक हादसे में चिकटियाबढ़ टांडा निवासी 37 वर्षीय जगदीश नायक और भोडल निवासी 25 वर्षीय मोहन भील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गुजरी बगवानिया बीजेपी मंडल अध्यक्ष करण अहीर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश नायक ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर लोगों की भीड़ देख रुक गए। हादसा बेहद भयावह था। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप वाहन के जरिए धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. सचिन पाटीदार ने जांच के बाद जगदीश और मोहन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं इलाके में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में चिंता भी बढ़ती जा रही है।