Edited By meena, Updated: 11 Jun, 2025 02:01 PM

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई चिचौड़ा विधानसभा से विधायक रहे लक्ष्मण सिंह को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है...
भोपाल : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई चिचौड़ा विधानसभा से विधायक रहे लक्ष्मण सिंह को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कांग्रेस हाईकमान ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई अनुशासनहीनता के कारण की। कांग्रेस के डिसिप्लिनरी कमेटी के अध्यक्ष तारिक अनवर ने कांग्रेस अध्यक्ष ने लक्ष्मण सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की थी। बता दें कि लक्ष्मण सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया था।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस
लक्ष्मण सिंह पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि दिग्विजय सिंह के भाई लक्षण सिंह को निष्कासित करने का फैसला कांग्रेस अनुशासन समिति ने फैसला लिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने लक्ष्मण सिंह को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्राथमिक सदस्यता भी निरस्त कर दी गई है। यह कार्रवाई एक संदेश है कि डिसिप्लिन सबके लिए है। अनेकों बार लक्ष्मण सिंह ने पार्टी को असहज कर देने वाला बयान दिया। पिछला बयान 'राहुल और सोनिया गांधी आतंकवादियों के साथ खड़े है', था। इस बयान को बर्दाश्त नहीं किया गया और उनको निष्कासित कर दिया गया है।
कांग्रेस बीजेपी की तरह नहीं है- मुकेश नायक
मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी की तरह नहीं है, जहां मंत्री विजय शाह इस तरह के बयान के बाद भी बैठे हैं। लक्ष्मण सिंह को उसी दल में बीजेपी डालेगी जिसमें सुरेश पचौरी पड़े हुए हैं। कांग्रेस में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुशासनहीनता पर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पार्टी ने लक्ष्मण सिंह मामले में बहुत धीरज रखा था।