Edited By meena, Updated: 31 Oct, 2026 06:05 PM

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्दू की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आया है। डाक के माध्यम से मिले एक गुमनाम पत्र में जेल के...
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्दू की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आया है। डाक के माध्यम से मिले एक गुमनाम पत्र में जेल के भीतर से उनकी हत्या की योजना बनाए जाने तथा इसके लिए हरियाणा, ओडिशा और झारखंड से पेशेवर शूटर बुलाए जाने का दावा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा बढ़ाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्दू को हाल ही में डाक से एक अज्ञात व्यक्ति का पत्र प्राप्त हुआ। पत्र में दावा किया गया है कि उनकी हत्या कराने के लिए जेल के अंदर से साजिश तैयार की जा रही है। इस कथित योजना को अंजाम देने के लिए हरियाणा, ओडिशा और झारखंड से शूटरों को बुलाने तथा उन्हें बड़ी रकम दिए जाने की बात भी पत्र में लिखी गई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गुरप्रीत सिंह सिद्दू पर उनके घर के बाहर जानलेवा हमला हुआ था। हालांकि, इस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। पूर्व में हुए हमले के बाद अब हत्या की साजिश से संबंधित गुमनाम पत्र मिलने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पत्र प्राप्त होने के बाद सिद्दू ने अंबिकापुर पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पत्र में उल्लेखित तथ्यों की गहन जांच कराने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमनाम पत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के साथ ही उसमें किए गए दावों की सत्यता का पता लगाने में जुटी है। इसके अतिरिक्त जेल के भीतर से कथित साजिश रचे जाने और दूसरे राज्यों के शूटरों की संभावित संलिप्तता से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।