Edited By Himansh sharma, Updated: 17 Oct, 2026 07:08 PM

मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है।
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। भाजपा छोड़ने वाले जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना छिंदवाड़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंच गए हैं। यहां वे कुछ ही देर में पूर्व सांसद नकुलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके कांग्रेस में शामिल होने को छिंदवाड़ा की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
अमित सक्सेना के कांग्रेस में शामिल होने की खबर से जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। किसानों के मुद्दे पर आंदोलन करने के बाद भाजपा संगठन के साथ उनका विवाद सामने आया था। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। विवाद के बीच अमित सक्सेना ने भाजपा की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
अमित सक्सेना ने किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन किया था। उन्होंने छिंदवाड़ा को सूखाग्रस्त घोषित करने, चौसरा में प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट का काम रोकने, किसानों को चार गुना मुआवजा देने और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने जैसी मांगें उठाई थीं।
गौरतलब है कि अमित सक्सेना जिला पंचायत सदस्य का चुनाव करीब 22 हजार मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीतकर चर्चा में आए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, लेकिन अब भाजपा छोड़ने के बाद उनकी कांग्रेस में वापसी होने जा रही है।
अब सबकी नजरें राजीव भवन में होने वाले सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम पर टिकी हैं। अमित सक्सेना की कांग्रेस में वापसी से छिंदवाड़ा में राजनीतिक समीकरणों पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।