बेटे की चिता देख फफक पड़े BJP के दिग्गज विधायक, पोते के आंसू पोंछते रहे दादा

Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Oct, 2026 12:35 PM

bhind mla narendra singh kushwah breaks down at son s funeral

मध्यप्रदेश के भिंड से एक बेहद दुखद तस्वीर सामने आई, जहां बेटे के निधन के बाद विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए।

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड से एक बेहद दुखद तस्वीर सामने आई, जहां बेटे के निधन के बाद विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। जवान बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह के अंतिम संस्कार के दौरान पिता का दर्द छलक उठा। वहीं, छह साल के पोते को पिता की याद में बिलखते देख विधायक खुद को संभाल नहीं सके। वह लगातार पोते के आंसू पोंछकर उसे ढांढस बंधाते रहे। इस गमगीन दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के छोटे बेटे पुष्पेंद्र सिंह, जिन्हें परिवार और परिचितों के बीच पुस्सू के नाम से जाना जाता था, का मंगलवार सुबह दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। 35 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह लंबे समय से लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

दिल्ली से भिंड लाया गया पार्थिव शरीर

पुष्पेंद्र सिंह के निधन की खबर मिलते ही भिंड में शोक की लहर फैल गई। उनके आवास पर रिश्तेदारों, मित्रों, परिचितों और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। बाद में पार्थिव शरीर दिल्ली से भिंड लाया गया, जहां लहार रोड स्थित विधायक के फार्महाउस पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

अंतिम विदाई के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और परिवार के करीबियों ने पुष्पेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा और परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।

छह साल के बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि

इस अंतिम संस्कार का सबसे मार्मिक क्षण तब सामने आया, जब पुष्पेंद्र सिंह के छह वर्षीय बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इतनी कम उम्र में पिता को खोने का दर्द बच्चे की आंखों से साफ झलक रहा था। वह बार-बार अपने पिता को याद कर रोने लगता था।

पोते को इस तरह बिलखते देख विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह भी भावुक हो गए। बेटे की चिता के सामने खड़े पिता के लिए खुद को संभाल पाना मुश्किल हो गया। वह पोते को समझाते रहे, उसके आंसू पोंछते रहे और उसे सहारा देने की कोशिश करते रहे। परिवार के लिए यह घड़ी असहनीय दुख से भरी रही।

मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने जताया शोक

पुष्पेंद्र सिंह के निधन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना जताई। कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित कई लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। बेटे के असमय निधन से कुशवाह परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

रावण दहन का कार्यक्रम भी किया गया रद्द

शहर में अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया। वहीं, शोक के माहौल को देखते हुए नगरपालिका ने भी बड़ा निर्णय लिया। सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्टेडियम परिसर में शाम सात बजे प्रस्तावित रावण दहन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

एक पिता के लिए जवान बेटे को खोने का दुख और एक छोटे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाना इस घटना ने पूरे भिंड को गमगीन कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और उनके पोते के छलकते आंसू इस परिवार के गहरे दुख को बयां कर रहे थे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!