MP में BJP विधायक और युवक के बीच तीखी बहस, युवक ने विधायक को मुंह पर कह दिया ‘गधा’, बज उठीं तालियां!

Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Oct, 2026 11:59 AM

shivpuri bjp mla called donkey by protester goes viral

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल गरमा गया

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब भाजपा विधायक देवेंद्र जैन और ओबीसी महासभा के एक पदाधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बातचीत के दौरान विधायक के एक सवाल पर प्रदर्शनकारी ने ऐसा जवाब दिया कि मौके पर मौजूद लोग भी चर्चा करने लगे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विधायक के सवाल पर युवक का दो टूक जवाब

दरअसल, ओबीसी महासभा की ओर से आरक्षण की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान शिवपुरी से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन की मुलाकात ओबीसी महासभा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंवर सिंह धाकड़ से हुई। बातचीत के दौरान धाकड़ ने खुद को ग्रेजुएट और शिक्षित बताया।

इस पर विधायक ने सवालिया अंदाज में पूछा कि क्या वह उन्हें गधा कह रहे हैं? जवाब में भंवर सिंह धाकड़ ने कहा, ‘हां, आप गधे हैं, मैं ग्रेजुएट हूं।’ इसके बाद दोनों के बीच हुई जुबानी बहस वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गई।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिवपुरी की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों और सरकार की भूमिका को लेकर नाराजगी जताई। हालांकि, इस विवाद के बीच प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग ही रहा।

कलेक्ट्रेट में जुटे सैकड़ों प्रदर्शनकारी

ओबीसी आरक्षण के समर्थन में ओबीसी महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ओबीसी वर्ग को उसका निर्धारित आरक्षण दिलाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जब ज्ञापन लेने के लिए एडीएम पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपने से इनकार कर दिया और मांग की कि ज्ञापन सीधे कलेक्टर को ही दिया जाएगा। इस मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में करीब एक घंटे तक धरना और गहमागहमी बनी रही। बाद में प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों की मांग के अनुरूप ज्ञापन देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जारी रखा।

कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह भी हुए शामिल

प्रदर्शन में पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह भी पहुंचे। उन्होंने मंच से भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कुशवाह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अच्छे कार्यों का श्रेय खुद लेती है, जबकि गलतियों की जिम्मेदारी कांग्रेस पर डालती है।

उन्होंने ओबीसी वर्ग को उसका अधिकार दिलाने की बात कही और आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

शिवपुरी में हुए इस प्रदर्शन के दौरान एक ओर 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली, तो दूसरी ओर भाजपा विधायक देवेंद्र जैन और भंवर सिंह धाकड़ के बीच हुई तीखी बहस ने पूरे घटनाक्रम को सुर्खियों में ला दिया। अब वायरल वीडियो के चलते यह विवाद जिले की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!