Edited By meena, Updated: 15 Oct, 2026 01:33 PM

पूर्व सीएम भूपेश बघेल की विधायकी को लेकर एक बार फिर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। दरअसल, भाजपा ने दावा किया है कि जल्द ही भूपेश बघेल की विधायकी खत्म हो सकती है...
रायपुर : पूर्व सीएम भूपेश बघेल की विधायकी को लेकर एक बार फिर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। दरअसल, भाजपा ने दावा किया है कि जल्द ही भूपेश बघेल की विधायकी खत्म हो सकती है। पूरा मामला पाटन चुनाव से जुड़ा है। हाल ही में हाईकोर्ट ने भूपेश बघेल द्वारा दायर अर्जी खारिज कर दी है।
दरअसल, पूर्व सीएम ने उनके पाटन निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर अतिरिक्त मुद्दे जोड़ने की मांग की थी, लेकिन जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल ने उसे नामंजूर कर दिया। मामले को लपकते हुए भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए तंज कसा है।
BJP ने एक्स पर भूपेश बघेल की तस्वीर के साथ लिखा- जल्द ही उनकी विधायकी रद्द होगी। कानून से ऊपर कोई नहीं, चुनावी नियमों के उल्लंघन के आरोपों का जवाब भूपेश को अदालत में देना होगा। पाटन चुनाव मामले में भूपेश को बड़ा झटका लगा है। 2023 के पाटन विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश की मुश्किलें बरकरार हैं। मतदान से पहले लागू 48 घंटे की प्रचार-निषेध अवधि में रैली निकालने के आरोपों को लेकर भाजपा नेता विजय बघेल की चुनाव याचिका हाईकोर्ट में विचाराधीन है। अब आगे आने वाले फैसलों से भूपेश की विधायकी भी खत्म हो सकती है।