Edited By Desh Raj, Updated: 24 Mar, 2026 08:35 PM

जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब पारिवारिक विवाद के एक मामले में काउंसलिंग के लिए पहुंचे पूर्व भाजपा सांसद Alok Sanjar के बेटे और एडवोकेट अनंत संजर के साथ मारपीट हो गई।
भोपाल (इजहार खान): जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब पारिवारिक विवाद के एक मामले में काउंसलिंग के लिए पहुंचे पूर्व भाजपा सांसद Alok Sanjar के बेटे और एडवोकेट अनंत संजर के साथ मारपीट हो गई। आरोप है कि उनके सगे साले विद्युत भटनागर ने कोर्ट परिसर में ही उनके साथ अभद्रता की, थप्पड़ मारे और कपड़े तक खींच डाले।
बताया जा रहा है कि अनंत संजर अपनी पक्षकार जो कि आरोपी की पत्नी है के साथ काउंसलिंग के लिए कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान विद्युत भटनागर वहां पहुंचा और कथित तौर पर जज के सामने ही धमकी देने लगा “तेरी वकालत बंद कर दूंगा, तुझे बाहर देख लूंगा।”
अनंत संजर के मुताबिक, कोर्ट रूम के भीतर भी आरोपी लगातार बदसलूकी करता रहा। बाहर निकलते ही विवाद बढ़ गया और झूमाझटकी शुरू हो गई। इस दौरान उनकी शर्ट के बटन टूट गए और चेहरे पर नाखून लगने से आंख के पास चोट आई, जिससे खून बहने लगा।
घटना के बाद अनंत संजर एमपी नगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पक्षकार (साले की पत्नी) ने पहले ही आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य मामले दर्ज करा रखे हैं और लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। एडवोकेट अनंत संजर का कहना है कि वे सिर्फ अपनी पक्षकार की कानूनी सहायता के लिए कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन इसी बात को लेकर आरोपी भड़क गया और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
लिहाजा इस घटना को लेकर वकील आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में फैमिली कोर्ट के बाहर जमा हो गए। वकीलों से बचाने के लिए पुलिस ने आरोपी को फैमिली कोर्ट के अंदर ही बंद कर दिया।