Edited By meena, Updated: 25 May, 2026 06:56 PM

इंदौर में पानी संकट को लेकर रविवार को नेमावर रोड स्थित पालदा नाका पर हुए चक्का जाम मामले में भंवरकुआं थाना पुलिस ने कांग्रेस पार्षद समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया है...
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर में पानी संकट को लेकर रविवार को नेमावर रोड स्थित पालदा नाका पर हुए चक्का जाम मामले में भंवरकुआं थाना पुलिस ने कांग्रेस पार्षद समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया है। प्रदर्शन के दौरान करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क से नहीं हटे, जिसके बाद अब पुलिस ने लोक व्यवस्था प्रभावित करने और बिना अनुमति भीड़ एकत्रित करने के मामले में कार्रवाई की है।
दरअसल इंदौर के नेमावर रोड स्थित पालदा हनुमान मंदिर के पास पानी की समस्या को लेकर स्थानीय रहवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया था। इस दौरान वार्ड क्रमांक 75 के कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते नेमावर रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।

वही इस मामले में थाना भंवरकुआं पुलिस ने बिना अनुमति भीड़ एकत्रित करने और लोक व्यवस्था बाधित करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है। एफआईआर में राकेश सिलावट, पवन पुरी, तारा पटेल, कमल प्रजापत, दिनेश पटेल समेत कई लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं दिलीप सुरागे, दिनेश कुशवाह, अजय झा, सतीश शिंदे, सुरेश सोलंकी और गौरव मराठा को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक सुनील मंडलोई, शुभम करोसिया, झमु चौहान सहित अन्य लोगों की पहचान घटनास्थल की वीडियोग्राफी के आधार पर की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।