Edited By meena, Updated: 01 Dec, 2023 06:06 PM

6 एंजसियों के एग्जिट पोल में 3 में भाजपा को बढ़त और 2 में कांग्रेस को और एक में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर बताया गया है
भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले एग्जिट पोल के रूझान सामने आए हैं। 6 एंजसियों के एग्जिट पोल में 3 में भाजपा को बढ़त और 2 में कांग्रेस को और एक में कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर बताया गया है। इसे लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में कांटे की टक्कर जैसी कोई बात नहीं है और फिर एक बार भाजपा की सरकार बनना स्पष्ट हो रहा है।
सीएम शिवराज ने बृहस्पतिवार रात को अपने बयान में कहा कि वे पूर्व में भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांटे की टक्कर जैसी कोई बात नहीं है। जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति प्रेम, प्रधानमंत्री का नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा का मार्गदर्शन, पार्टी के कार्यकर्ताओं का अनथक परिश्रम, सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं और राज्य के विकास ने बता दिया है कि भाजपा की बहुमत से सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हमेशा आत्मविश्वास से भरे रहे। लाड़ली बहनाओं ने सभी कांटे निकाल दिए हैं। भाजपा को बहनों का अभूतपूर्व प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि वे जहां भी जाते हैं, बहनें कहती हैं कि भैया अपन जीत रहे हैं, इससे स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा की जीत में महिलाओं को अपनी जीत दिखाई दे रही है।