Edited By meena, Updated: 24 Sep, 2025 01:09 PM

ग्वालियर की जैतल विहार टाउनशिप पीड़ितों के लिए बड़ी राहत की खबर है...
ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर की जैतल विहार टाउनशिप पीड़ितों के लिए बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि रैरा कानून का उपयोग कर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जैतल विहार की संपत्ति नीलाम कराई है,जिससे लगभग 02 करोड़ 71 लाख रुपए रैरा के खाते में जमा कराए गए हैं। वहीं पीड़ितों को उनकी फंसी हुई रकम और ब्याज की राशि भी दिलाई जा रही है।
दरअसल मध्य प्रदेश सरकार रैरा कानून का सख्ती से पालन करा रही। इसी कड़ी में थाटीपुर बैरक क्वार्टर के रहने वाले जैतल विहार टाउनशिप पीड़ित किशोर वर्मा को इस कानून के तहत बड़ी राहत मिली है, उन्हें अपनी फंसी हुई मूल रकम 12 लाख 69 हजार रुपये वापस मिली है, साथ ही ब्याज की लगभग एक लाख 20 हजार रुपए की राशि भी जल्दी दिलाई जाएगी।
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने राजस्व अधिकारियों को आरआरसी के तहत यह वसूली करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने रैरा के प्रावधानों के तहत जैतल विहार की संपत्ति की नीलामी कर लगभग 2 करोड़ 71 लाख रुपए रैरा के खाते में जमा कराए हैं।
आपको बता दें कि किशोर वर्मा ने नेशनल हाईवे के पास स्थित जैतल विहार में फ्लैट के लिए लगभग 12 लाख 69 हजार रुपये जमा किए थे,मगर बिल्डर वीरेंद्र गुप्ता ने ना तो फ्लैट का पजेशन दिया और ना ही उसकी धनराशि वापस की, किशोर वर्मा और अन्य पीड़ित लोगों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर इस समस्या की ओर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। जिसके बाद ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जैतल विहार की संपत्ति नीलाम कर पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाना शुरू कर दी है।