Edited By meena, Updated: 04 May, 2023 11:49 AM

भाजपा के पित्र पुरुष भूतपूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के सुपुत्र व पूर्व मंत्री दीपक जोशी के बागी तेवर अब शांत होते नजर नहीं आ रहे
भोपाल (प्रतुल पाराशर) : भाजपा के पित्र पुरुष भूतपूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के सुपुत्र व पूर्व मंत्री दीपक जोशी के बागी तेवर अब शांत होते नजर नहीं आ रहे। पूर्व मंत्री ने कांग्रेस में जाने का मन लगभग बना लिया है। अपने पिता की तस्वीर लेकर वे 6 मई को भोपाल पहुंचेगे। बताया जा रहा है कि यदि भाजपा दीपक जोशी को मनाने में कामयाब न हुई तो वे 6 मई को कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, दीपक जोशी ने बड़ा प्रस्ताव रखा है जो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सामने विचाराधीन है। दीपक जोशी साफ साफ शब्दों में कह चुके हैं कि उन्हें भाजपा में अनदेखा किया गया इसलिए वे विकल्प देख सकते हैं। वहीं उन्होंने सरकारी बंगला भी खाली कर दिया है, साथ ही जल्द कांग्रेस में शामिल होंगे। पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने भोपाल में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के लोगों से मुलाकात भी की और कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय की है। माना जा रहा है आने वाले दिनों में बड़ी घोषणा के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में विधिवत सदस्यता लेंगे, साथ ही Congress पार्टी की तरफ से महत्वपूर्ण सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा करेंगे।
गौरतलब है कि दीपक जोशी को मनाने के लिए पिछले कई दिनों से भाजपा के वरिष्ठ नेता सहित सीएम शिवराज ने फोन पर चर्चा कर मिलने की बात की थी। पूर्व मंत्री जोशी के अनुसार उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इसके अलावा उन्हें कई और राजनीतिक पद देने, जिसमें तत्काल कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा भेजे जाने के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है। चुनावी वर्ष के मद्देनजर यह मान कर चलिए कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की दीपक जोशी को मनाने की कवायद भी बेअसर है और उनका कांग्रेस में जाना लगभग तय है।