Edited By Himansh sharma, Updated: 11 Apr, 2026 11:03 PM

जिले के शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है।
देवास। जिले के शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एच.एस. भारती को शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत की गई है।
सूत्रों के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लंबे समय से वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह ने एक जांच दल गठित किया था। जांच रिपोर्ट में कार्यालय स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की सिफारिश की गई।
कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर संभागायुक्त ने त्वरित निर्णय लेते हुए DEO एच.एस. भारती को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान अधिकारी का मुख्यालय संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण, उज्जैन कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता प्रदान की जाएगी। इधर, प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिला परियोजना समन्वयक अजय मिश्रा को जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वे आगामी आदेश तक इस पद के कार्यों का संचालन करेंगे।