ED का बड़ा एक्शन! कांग्रेस के पूर्व विधायक के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

Edited By Himansh sharma, Updated: 02 Sep, 2026 01:30 PM

ed raids ex mla sanjay sharma over fake toll case

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। दिल्ली से पहुंची जांच एजेंसी की टीम ने तेंदूखेड़ा से पूर्व कांग्रेस विधायक संजय शर्मा से जुड़े कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम नरसिंहपुर हाईवे स्थित कार्यालय के अलावा तेंदूखेड़ा और देवरी स्थित परिसरों में भी जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम कई वाहनों के साथ यहां पहुंची। अधिकारियों ने कार्यालयों में मौजूद दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य सामग्री की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती भी बताई जा रही है।

फर्जी टोल वसूली से जुड़ा है मामला

ED की यह कार्रवाई नेशनल हाईवे पर कथित फर्जी टोल वसूली और उससे जुड़े मनी-लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा बताई जा रही है। एजेंसी की जांच के दायरे में नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा हाईवे पर संचालित टोल व्यवस्था भी शामिल है।

जांच एजेंसी के अनुसार, टोल वसूली के दौरान कथित तौर पर अधिकृत सिस्टम के बजाय एक अनधिकृत सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि इसके माध्यम से ऐसी रसीदें तैयार की गईं, जिनका आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम में पूरा रिकॉर्ड दर्ज नहीं हुआ। ED इस पूरे मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर वसूली गई रकम कहां गई और इस प्रक्रिया से किन लोगों या संस्थाओं को आर्थिक लाभ पहुंचा।

PunjabKesariकई राज्यों में एक साथ जांच

बताया गया है कि फर्जी टोल वसूली से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, NCR और कोलकाता तक फैली हुई है। तलाशी के दौरान एजेंसी डिजिटल डाटा, वित्तीय दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रही है। जांच का एक अहम हिस्सा कथित वित्तीय लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका को समझना भी है।

FIR और ECIR के बाद आगे बढ़ी जांच

ED की कार्रवाई 22 जनवरी 2025 को दर्ज FIR और इसके बाद 19 मई 2025 को दर्ज ECIR के आधार पर आगे बढ़ने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी PMLA के तहत मामले की जांच कर रही है। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, इसे लेकर अभी ED की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम की जिम्मेदारी भी चर्चा में

इधर, संजय शर्मा का नाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों से भी जोड़ा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम को लेकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। ED की कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर भी हलचल देखी गई। मौके पर सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। फिलहाल जांच एजेंसी की
कार्रवाई जारी है और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!