Edited By Vandana Khosla, Updated: 27 Oct, 2026 12:37 PM

कोरबाः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने...
कोरबाः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर को रजगामार क्षेत्र में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुई थी। पीड़ित छात्रा अपने पिता के निधन के बाद चाचा के घर रहकर पढ़ाई कर रही है। दशहरा के अवसर पर वह रजगामार स्थित रावण मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने छात्रा पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणियां कीं। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद दोनों आरोपियों से इस संबंध में बातचीत करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा के साथ भी अश्लील हरकत की गई और उसका दुपट्टा खींचकर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया। घटना से भयभीत छात्रा घर लौटी और परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात ही वे शिकायत दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे थे लेकिन वहां तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। उन्हें घटनास्थल बालको थाना क्षेत्र में होने की बात कहकर संबंधित थाने भेज दिया गया। आरोप है कि बालको थाने पहुंचने पर भी थाना प्रभारी के आने के बाद शिकायत पर विचार करने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया। स्थानीय स्तर पर शिकायत दर्ज नहीं होने से परेशान परिजनों ने बाद में कोरबा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और कारर्वाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के साथ छेड़छाड़, महिला की लज्जा भंग करने और मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में नामजद अनिल चौरसिया भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं। कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नाबालिग की शिकायत के आधार पर तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।