Edited By meena, Updated: 19 Oct, 2026 08:03 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के हीरा नगर इलाके में स्थित 'कांकेश्वरी गरबा उत्सव' के दौरान एक 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला गरमाता जा रहा है....
इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के हीरा नगर इलाके में स्थित 'कांकेश्वरी गरबा उत्सव' के दौरान एक 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला गरमाता जा रहा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने, पार्टी द्वारा तलब किए जाए और कारण बताओं नोटिस जारी करने के बाद आखिरकार बीजेपी मंडल अध्यक्ष कमल चौहान ने माफी मांगी है। भाजपा नेता ने वीडियो जारी कर माफी तो मांगी लेकिन बच्ची के पिता पर गंभीर आरोप लगाकर फिर से लोगों के निशाने पर आ गए हैं।
दरअसल, दो दिन पहले गरबा कार्यक्रम में एंट्री को लेकर हुए विवाद के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष का एक बच्ची को धक्का देकर कार्यक्रम से बाहर निकालने का वीडियो सामने आया था। आरोप है कि बच्ची से मारपीट करते हुए कमल चौहान ने बच्ची को धक्का देकर जबरन बाहर निकाल दिया।
इस घटना का वीडियो सामने आते ही कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की और लड़कियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर BJP की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा ने हाईकमान ने भाजपा नेता को कार्यालय में तलब किया और उसे जमकर फटकार लगाई, वहीं पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला भी दर्ज किया। इसी कड़ी में अब कमल चौहान ने वीडियो जारी करते हुए पीड़ित बच्ची से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले 10 साल से गरबा कार्यक्रम में सेवाएं दे रहा हूं। यहां यह घटना हुई है वहां हजारों की संख्या में लड़कियां आती है। आज तक किसी भी प्रकार की ऐसी घटना नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना इसलिए हुई क्योंकि जो बालिका है उसके पिता वहां शराब पीकर आते हैं। जैसे ही मुझे सूचना मिली तो मैं वहां उसके पिता को समझाने गया, बीच में वह बालिका आ गई और मेरे साथ बहस करने लगी। बालिका गरबा भी नहीं करती है। जब उसको वहां से निकाला तो यह घटना हुई। फिर भी मैं उस बालिका से माफी मांगता हूं। ऐसे में अब सवाल उठने लगे हैं कि भाजपा नेता ने माफी मांगने के लिए वीडियो जारी किया है या आरोप लगाने के लिए। फिलहाल आने वाले दिनों में भाजपा हाईकमान और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है ये देखने वाली बात होगी।