Edited By meena, Updated: 18 Oct, 2026 07:38 PM

पुलिस ने पहले भी उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी थी लेकिन वह मौके से फरार हो गया था। आज पुलिस के हाथ सफलता लगी और आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा...
रायपुर : छत्तीसगढ़ में रायपुर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। भाजयुमो नेता पर गुढ़ियारी पुलिस थाने में टीआई से बदसलूकी और थाने में तोड़फोड़ के आरोप है। पुलिस ने पहले भी उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी थी लेकिन वह मौके से फरार हो गया था। आज पुलिस के हाथ सफलता लगी और आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
DJ को लेकर बढ़ा था विवाद
दरअसल, गणेश उत्सव के दौरान समय सीमा के बाद डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरु हुआ। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई पर भड़कते हुए भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाना पहुंचा और डीजे वाहन छुड़ाने की जिद करने लगा। आरोप है कि शुभांकर ने टीआई कक्ष में तोड़फोड़ की और टीआई नरेंद्र साहू के साथ बदसलूकी की। इसके बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने को लेकर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से गर्माया माहौल
इस घटनाक्रम के बाद शुभांकर द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी किए और पुलिस के खिलाफ कई विवादित बयान दिए। मामले को लेकर कांग्रेस की एंट्री हुई। कांग्रेस ने भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं शहर कांग्रेस रायपुर के अध्यक्ष मेनन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की भी मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए कई बार दबिश दी। लेकिन शुभांकर हर बार बचता रहा। आज आखिरकार शुभांकर द्विवेदी पुलिस के हाथ लग गया।