सरंपच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर घमासान, तहसीलदार पर मिलीभगत के आरोप, पंचों ने लगाए गंभीर आरोप

Edited By meena, Updated: 13 Oct, 2026 09:22 PM

uproar over no confidence motion against sarpanch

अविश्वास प्रस्ताव के लिए दो बार तारीख तय होने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। 9 अक्टूबर के बाद 12 अक्टूबर को भी निर्धारित तारीख पर प्रस्ताव की कार्रवाई नहीं हुई...

सीधी (सूरज शुक्ला) : सीधी जिले की ग्राम पंचायत एठी में सरपंच अंजनी सिंह गौड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर घमासान मचा हुआ है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए दो बार तारीख तय होने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। 9 अक्टूबर के बाद 12 अक्टूबर को भी निर्धारित तारीख पर प्रस्ताव की कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज पंचों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तहसीलदार राकेश शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सोमवार को ग्राम पंचायत भवन में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए करीब 20 पंच पहुंचे थे। पंचों का कहना है कि वे सरपंच को हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐन मौके पर तारीख निरस्त होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि वे अपने जरूरी काम छोड़कर और बच्चों को घर पर छोड़कर पंचायत भवन पहुंचते हैं, लेकिन समय पर सूचना नहीं मिलने के कारण उनकी परेशानी बढ़ रही है।

तहसीलदार पर मिलीभगत के आरोप

पंचों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार जानबूझकर अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया नहीं कराना चाहते। उन्होंने सरपंच और कुछ लोगों के साथ मिलीभगत की आशंका भी जताई है। हालांकि, ये आरोप पंचों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पंच बसंती कोल ने कहा कि सभी पंच सरपंच को हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। यह दूसरी बार है, जब वे अपना काम छोड़कर पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन अंतिम समय में उन्हें बता दिया गया कि अविश्वास प्रस्ताव निरस्त हो गया है। उन्होंने पटवारी की मौजूदगी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी ड्यूटी नहीं होने के बावजूद वे वहां पहुंचे थे।

एसडीएम के फोन के बाद मिली जानकारी

पंचायत भवन में मौजूद पटवारी प्रशांत सिंह ने बताया कि उन्हें करीब पांच मिनट पहले एसडीएम प्रिया पाठक का फोन आया था, जिसमें आज की तारीख निरस्त होने की जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीएम से संपर्क करने पर बताया गया कि अविश्वास प्रस्ताव के लिए अब 14 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है।

तहसीलदार ने बताई चुनावी ट्रेनिंग की वजह

मामले में तहसीलदार राकेश शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में व्यस्त हैं, इसलिए 12 अक्टूबर की तारीख पर कार्रवाई नहीं हो सकी। उनके अनुसार, इससे पहले निर्धारित तारीख भी प्रशासनिक कार्य के चलते निरस्त हुई थी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!