Edited By meena, Updated: 28 Mar, 2026 07:12 PM

सर्राफा बाजार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने निवेशकों और शादी के सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों को चौंका दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में रातों-रात जोरदार...
एमपी डेस्क: सर्राफा बाजार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने निवेशकों और शादी के सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों को चौंका दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में रातों-रात जोरदार उछाल दर्ज किया गया है, जबकि दिल्ली समेत घरेलू बाजार में इसके उलट गिरावट देखने को मिली है। ग्लोबल मार्केट यानी कॉमेक्स (COMEX) पर सोना और चांदी रातों-रात करीब 3 फीसदी तक उछल गए हैं। हालांकि दिल्ली और अन्य शहरों में सोना-चांदी के दाम कम हो गए।
ग्लोबल मार्केट, खासकर COMEX पर सोने की कीमतों में करीब 2.5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। भारतीय समयानुसार सुबह करीब 6:23 बजे सोना 113 डॉलर से अधिक की बढ़त के साथ 4,489 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड करता नजर आया। इसी तरह चांदी में भी लगभग 3 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और यह 69 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक संकेतों के चलते निवेशकों का रुझान एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है। यही वजह है कि बुलियन मार्केट में यह तेज रिकवरी देखने को मिली है।
वहीं, दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना करीब 1,900 रुपये सस्ता होकर 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी में भारी गिरावट के साथ यह करीब 2.30 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।
घरेलू वायदा बाजार MCX पर भी हलचल देखने को मिली। सोना मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चांदी में हल्की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस तेज़ी के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को भारतीय बाजार खुलने पर सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।