Edited By meena, Updated: 16 Mar, 2026 04:38 PM

छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF में डीआईजी पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिली है
रायपुर: छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF में डीआईजी पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिली है। गृह मंत्रालय ने इसकी मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में आईपीएस संतोष सिंह पुलिस मुख्यालय में डीआईजी सीसीटीएनएस और एससीआरबी के पद पर पदस्थ हैं। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब वे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में डीआईजी के पद पर अपनी सेवाएं देंगे। इस संबंध में मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

गृह मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी संजीव कुमार ने आदेश जारी करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि आईपीएस संतोष सिंह को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी के लिए रिलीव किया जाए, ताकि वे अपनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर ज्वाइन कर सकें।
आईपीएस संतोष सिंह को अवैध नशे के खिलाफ चलाए गए ‘निजात अभियान’ के लिए खास पहचान मिली है। उनके इस अभियान को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली थी। इसी अभियान के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का आईएससीपी अवार्ड भी दिया जा चुका है। अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद आईपीएस संतोष सिंह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में अहम जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे।