Edited By Vandana Khosla, Updated: 09 Sep, 2026 09:58 AM

रायपुरः छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए पर्यवेक्षक तथा सह-पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से संबंधित प्रभार...
रायपुरः छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए पर्यवेक्षक तथा सह-पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से संबंधित प्रभार क्षेत्रों में पहुंचकर चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार बीरगांव नगर निगम के लिए डॉ. शिवकुमार डहरिया को पर्यवेक्षक तथा मोतीलाल देवांगन और लेखराम साहू को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। भिलाई नगर निगम में धनेंद्र साहू को पर्यवेक्षक और दीपक दुबे को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह रिसाली नगर निगम के लिए मोहन मरकाम को पर्यवेक्षक और कन्हैया अग्रवाल को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भिलाई चरोदा नगर निगम में विकास उपाध्याय को पर्यवेक्षक तथा राजेन्द्र साहू को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। नगर पालिकाओं में बैकुंठपुर के लिए राजेन्द्र सिंह, शिवपुर चरचा के लिए प्रशांत मिश्रा, सारंगढ़ के लिए चातुरी नंद, जामुल के लिए प्रमोद दुबे और खैरागढ़ के लिए छन्नी साहू को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, नगर पंचायतों में प्रेमनगर के लिए भानुप्रताप सिंह, मारो के लिए सुनील महेश्वरी, नरहरपुर के लिए आनंद पवार, कोन्टा के लिए अवधेश गौतम, भैरमगढ़ के लिए रेखचंद जैन और भोपालपटनम के लिए सततार अली को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी ने सभी नियुक्त पर्यवेक्षकों और सह-पर्यवेक्षकों को अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में तत्काल पहुंचकर स्थानीय संगठन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
