Edited By meena, Updated: 02 Nov, 2026 06:31 PM

शहर में नकली खाद के कारोबार को लेकर कृषि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद पकड़ी है। पीतांबरा मंदिर के बगल में...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : शहर में नकली खाद के कारोबार को लेकर कृषि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद पकड़ी है। पीतांबरा मंदिर के बगल में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 135 बोरी खाद बरामद होने की सूचना है। अचानक हुई कार्रवाई से खाद के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार रामराज गुप्ता, कृषि विभाग के अधिकारियों और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। टीम ने बरामद खाद को अपने कब्जे में लेकर उसकी गुणवत्ता और वास्तविकता की पड़ताल शुरू कर दी है।
अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि खाद की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। खाद के नमूने लेकर उनकी जांच कराए जाने की प्रक्रिया भी की जा सकती है।
फिलहाल मौके पर जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। खाद के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बरामद खाद नकली है या निर्धारित मानकों के विपरीत है। साथ ही इस कारोबार में शामिल लोगों की भूमिका भी जांच के बाद सामने आएगी।