Edited By meena, Updated: 16 Aug, 2026 06:23 PM

आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कितना प्रभावशाली हो सकता है इसका एक हैरान कर देने वाला उदाहरण मध्य प्रदेश के उज्जैन में देखने को मिला है...
डेस्क: आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कितना प्रभावशाली हो सकता है इसका एक हैरान कर देने वाला उदाहरण मध्य प्रदेश के उज्जैन में देखने को मिला है। यहां एक श्रद्धालु की हजारों जूतों के ढेर में क्राक्स चप्पल खो गई। शख्स ने अपनी खोई चप्पल ढूंढने के लिए चैटजीपीटी की मदद ली और खास बात यह कि शख्स इस प्रयोग में सफल भी रहा। गोवा के रहने वाले शुभांग बोरकर नाम के एक व्यक्ति ने इस संबंध में मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है जो जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो में हजारों जूते-चप्पलों का एक ढेर नजर आ रहा है। बताया गया कि शख्स की क्राक्स इन जूतों के ढेर में कहीं खो गई थी। शख्स ने अपनी चप्पल तलाशने की कोशिश की। काफी तलाश करने के बावजूद उसे अपनी चप्पल नहीं मिल रही थी। आखिरकार शख्स ने ChatGPT की मदद ली। उसने फौरन जूतों के इस बड़े ढेर की तस्वीर खींची और उसे ChatGPT को दिखाया और अपनी चप्पल पहचानने में मदद करने को कहा। इसके बाद जो हुआ वो हैरान कर देने वाला था। ChatGPT ने तस्वीर को देखकर संभावित क्राक्स की पहचान की और शख्स को अपनी खोई हुई चप्पल चंद मिनटों में मिल गई। यही छोटा सा प्रयोग सोशल मीडिया यूजर्स के लिए मनोरंजन का बड़ा कारण बन गया।
वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे AI के रोजमर्रा के इस्तेमाल का मजेदार उदाहरण बताया तो कुछ ने मजाक में कहा कि अब इंसानों को अपनी आंखों से चीजें ढूंढने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं एक यूजर ने लिखा- एआई यह देखकर रोता होगा कि इंसान उससे कैसे कैसे काम करवा रहा है।