Edited By Vandana Khosla, Updated: 16 Apr, 2026 08:27 AM

भोपालः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में अहम बैठक बुलाई गई। बैठक में उज्जैन संभाग के जिला अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा तथा विधानसभा प्रभारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें संगठन को गांव-गांव...
भोपालः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में अहम बैठक बुलाई गई। बैठक में उज्जैन संभाग के जिला अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा तथा विधानसभा प्रभारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और सह प्रभारी संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर पंचायत कांग्रेस कमेटियों का सत्यापन, नियमित बैठकें और 'सृजन संवाद' के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा प्रभारी संगठन की रीढ़ हैं और उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पार्टी द्वारा 230 प्रभारियों का चयन उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि कांग्रेस की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचाई जा सके। पटवारी ने बताया कि जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन तय मापदंडों के आधार पर किया गया और कनेक्ट सेंटर के माध्यम से पदाधिकारियों के प्रदर्शन की निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद जिम्मेदारी निभाने के लिए होता है और बिना कार्य के उसका कोई महत्व नहीं है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ने देश के लिए अनेक बलिदान दिए हैं और संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।