Edited By meena, Updated: 15 Apr, 2026 01:57 PM

बीजेपी की अहम कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की गई। इसमें संगठन और सरकार से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक की अगुवाई राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ...
भोपाल : बीजेपी की अहम कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की गई। इसमें संगठन और सरकार से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक की अगुवाई राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की। सूत्रों की मानों तो बैठक में निगम मंडलों की नियुक्तियां, दतिया उपचुनाव की संभावना, राज्यसभा की तीसरी, चौथी सीट पर दावेदारी और सरकार-संगठन के बीच बढ़ती दूरी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
निगम मंडलों की नियुक्तियों को लेकर बीजेपी के कोर ग्रुप की पहली बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश सख्त नजर आए। दरअसल, बैठक में कुछ नेताओं ने निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों में हो रही देरी पर नाराजगी भी जताई। इस पर शिवप्रकाश ने स्पष्ट कहा कि सभी लोग सत्ता और संगठन के साथ मिलकर काम करें। अभी सरकार में राजनीतिक नियुक्तियां हो रही हैं। इसकी लिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली भेजी गई है। यदि किसी को कोई बात अभी करनी है तो वे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नेताओं के बीच सामंजस्य रहेगा तो ठीक होगा। प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम और कांग्रेस की गतिविधियों पर नजर रखें।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ राजेंद्र शुक्ला, सांसद वीडी शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार में होने की वजह से बैठक में नहीं पहुंचे। वहीं बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक बीच में ही छोड़कर रवाना हो गए। वहीं उनके जाने के बाद नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बैठक में सबसे आखिर में पहुंचे।