Edited By meena, Updated: 31 Oct, 2026 02:03 PM

छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए शुक्रवार को एक दुखद खबर सामने आई। यहां अहिवारा विधानसभा से भाजपा विधायक डोमनसलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया...
रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए शुक्रवार को एक दुखद खबर सामने आई। यहां अहिवारा विधानसभा से भाजपा विधायक डोमनसलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज मंचाद गांव में होगा। यहां सीएम साय समेत कई राजनीतिक हस्तियां विधायक को अंतिम विदाई देगी। ऐसे में सीएम साय ने आज के सारे निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
सीएम साय शनिवार दोपहर 1:10 बजे रायपुर से बालोद के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे बालोद के ग्राम मचांद हेलीपेड पहुंचेंगे। दोपहर 1:40 से 3:30 बजे तक ग्राम भेण्ड्रा में रहेंगे। अंतिम संस्कार किये जाने के बाद मुख्यमंत्री शाम सवा चार बजे सीएम हाउस रायपुर वापस लौटेंगे।
डोमन लाल कोर्सेवाड़ा दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा से विधायक थे। वे लंबे समय से बीमार थे और हैदराबाद में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने इलाक के दौरान 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद बालोद जिले के गुंडरदेही स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा जायेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विधायक का पार्थिव शरीर राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां उनकी पार्थिव देह अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रखी जाएगी। इसके बाद भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगा। यहां राजनीतिक हस्तियों द्वारा अंतिम दर्शनों करने के बाद पार्थिव शरीर को सुबह 11:30 बजे जवाहर नगर दुर्ग पहुंचेगा। अन्य दोपहर 12:30 बजे तक श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा।
भाजपा की रैली स्थगित
विधायक के निधन के चलते भाजपा द्वारा निकाली जाने वाली लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ रैली स्थगित कर दी गई है। सीएम साय समेत इसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होने वाले थे। अब यह रैली 5 नवंबर को निकाली जाएगी।