इंदौर में राहुल गांधी की एंट्री से पहले कांग्रेस का बड़ा दावा, ‘छात्रों की गूंज’ के लिए डेढ़ लाख रजिस्ट्रेशन; आयोजन स्थल पर अटका पेंच

Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Sep, 2026 12:08 PM

rahul gandhi s indore event sees 1 5 lakh registrations venue still unclear

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने आगामी 19 सितंबर को प्रस्तावित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

इंदौर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने आगामी 19 सितंबर को प्रस्तावित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन लगातार बैठकों और जनसंपर्क में जुटा हुआ है। इसी बीच आयोजन स्थल की औपचारिक अनुमति को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है, जिससे कार्यक्रम के वेन्यू को लेकर सस्पेंस बरकरार है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा बढ़ते हुए करीब डेढ़ लाख तक पहुंच गया है। बुधवार शाम परदेशीपुरा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर आतिशबाजी कर उत्साह जताया। पार्टी का दावा है कि युवाओं और खासकर जेन-जी के बीच राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर लगातार रुचि बढ़ रही है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन ने बुधवार को इंदौर में कई स्तरों पर बैठकें कीं। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने सुबह सांवेर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद दोपहर में राऊ विधानसभा क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जिसमें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी विधायकों और प्रमुख नेताओं को सौंपने पर चर्चा हुई।

वेन्यू को लेकर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान को संभावित स्थल बताया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस को अभी तक यहां आयोजन की औपचारिक अनुमति नहीं मिली है। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह है और किसी भी स्थिति में आयोजन इंदौर में कराया जाएगा। उन्होंने अनुमति में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन से चिंतित है।

वहीं, इस विवाद की शुरुआत भाजपा की ओर से वेन्यू को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के बाद हुई थी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने 3 सितंबर को पुलिस आयुक्त और जिला कलेक्टर को शिकायत देकर प्रस्तावित आयोजन स्थल की जमीन के स्वामित्व और अधिपत्य से जुड़े विवाद का हवाला दिया था।

भाजपा नेता ने दावा किया था कि संबंधित जमीन को लेकर इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) से जुड़ा न्यायालयीन विवाद चल रहा है। उन्होंने प्रशासन से यह जांच करने की मांग की थी कि कार्यक्रम आयोजकों ने जमीन के इस्तेमाल के लिए आईडीए अथवा संबंधित सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति ली है या नहीं। साथ ही अनुमति नहीं होने की स्थिति में कार्यक्रम की तैयारियों पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

छात्राओं से भी कांग्रेस का सीधा संवाद

कार्यक्रम को युवाओं के बीच पहुंचाने के लिए कांग्रेस की महिला नेताओं ने भंवरकुआं क्षेत्र के छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं से मुलाकात की। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया और सह-प्रभारी ऊषा नायडू ने छात्राओं से बातचीत कर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, छात्राओं ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी होने की बात कही और आयोजन की अनुमति को लेकर भी सवाल उठाए। इस बीच कांग्रेस का फोकस अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने पर है। अब नजर इस बात पर है कि 19 सितंबर के कार्यक्रम के लिए प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल को लेकर कब तक औपचारिक मंजूरी मिलती है। फिलहाल डेढ़ लाख रजिस्ट्रेशन के दावे के बीच कांग्रेस उत्साहित है, जबकि वेन्यू की अनुमति का मुद्दा इंदौर की राजनीति में नया विवाद बनता दिखाई दे रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!