Edited By Himansh sharma, Updated: 20 Sep, 2026 01:03 PM
19 सितंबर की शाम इंदौर में जो तस्वीर दिखाई दी, वह सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम की तस्वीर नहीं थी।
इंदौर । 19 सितंबर की शाम इंदौर में जो तस्वीर दिखाई दी, वह सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम की तस्वीर नहीं थी। मंच पर राहुल गांधी थे, सामने बड़ी संख्या में युवा थे और बीच में ‘छात्रों की गूंज’ का वह मंच था, जिसे आकार देने के लिए पिछले कई सप्ताह से मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मैदान में जुटे हुए थे। किसी भी बड़े राजनीतिक आयोजन की अंतिम तस्वीर मंच पर दिखाई देती है, लेकिन उसकी असली कहानी अक्सर मंच के पीछे लिखी जाती है। इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की कहानी भी कुछ ऐसी ही रही। मैदान तैयार करने का संघर्ष जीतू पटवारी ने किया और मंच पर पहुंचकर राहुल गांधी ने उस पूरी तैयारी को एक बड़े राजनीतिक संवाद में बदल दिया।
तारीख बदली, जगह बदली… लेकिन तैयारी नहीं रुकी
कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था। कांग्रेस के अनुसार, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के लिए अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाकर 19 सितंबर की गई। इसके बाद रीजनल पार्क के सामने IDA की जमीन को वैकल्पिक स्थल बनाया गया।
यहीं से आयोजन की चुनौती और बढ़ गई।
नई जगह, नई व्यवस्थाएं और नई प्रशासनिक प्रक्रियाएं—हर बदलाव के साथ तैयारियों को फिर से खड़ा करना पड़ा। IDA की जमीन के लिए कांग्रेस ने ₹10.08 लाख से अधिक राशि जमा की। इसके बाद अतिरिक्त उपयोग को लेकर ₹4.03 लाख की और मांग सामने आई, जिसे कांग्रेस ने जमा किया। मैदान बदल गया, लेकिन पटवारी का फोकस नहीं बदला।

मैदान में पटवारी, मंच पर राहुल
‘छात्रों की गूंज’ को समझने का सबसे अहम सूत्र शायद यही है पटवारी ने जमीन तैयार की और राहुल गांधी ने मंच से उस जमीन को आवाज दी। कार्यक्रम से पहले पटवारी लगातार छात्रों के बीच पहुंचे। कॉलेजों, छात्र संवादों और अलग-अलग स्थानों पर युवाओं से संपर्क के जरिए माहौल तैयार किया गया। उद्देश्य सिर्फ भीड़ जुटाना नहीं था, बल्कि छात्रों के मुद्दों को कार्यक्रम की केंद्रीय थीम बनाना था।
यही वजह रही कि 19 सितंबर को जब राहुल गांधी मंच पर पहुंचे, तो उनके सामने केवल कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं थे। कार्यक्रम का केंद्र छात्र और युवा बनाए गए थे। राहुल गांधी ने मंच से छात्रों के सवाल, शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। इस तरह पिछले दिनों मैदान में तैयार किया गया छात्र संपर्क अभियान मंच पर एक बड़े राजनीतिक संवाद में बदलता दिखाई दिया।
सुरक्षा की 31 शर्तें और फिर भी जारी रही तैयारी
कार्यक्रम से पहले पुलिस की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत शर्तें सामने आईं। इनमें प्रतिभागियों की संख्या, आने वाले जिलों और कॉलेजों की जानकारी, परिवहन, प्रवेश-निकास, मेटल डिटेक्टर, CCTV, स्वयंसेवक, चिकित्सा और आपातकालीन व्यवस्था जैसी आवश्यकताएं शामिल थीं। कांग्रेस ने इन शर्तों को लेकर सवाल उठाए, जबकि पुलिस की ओर से इन्हें सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बताया गया। राजनीतिक बयानबाजी अपनी जगह चलती रही, लेकिन आयोजन की तैयारियां नहीं रुकीं। यही इस पूरे घटनाक्रम की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी थी— विवाद मंच के बाहर रहा और कार्यक्रम की तैयारी अपने रास्ते पर चलती रही।
पोस्टर वार के बीच भी नहीं बदला फोकस
कार्यक्रम से पहले इंदौर में राजनीतिक पोस्टर वार भी देखने को मिला। कांग्रेस की ओर से इसे लेकर भाजपा और सरकार पर निशाना साधा गया, जबकि भाजपा की ओर से ‘झूठ की गूंज’ जैसे पोस्टरों के जरिए पलटवार किया गया। ऐसे माहौल में किसी भी आयोजन का केंद्र मुद्दों से हटकर आरोप-प्रत्यारोप बन सकता था। लेकिन कांग्रेस की तैयारियों का फोकस छात्रों पर ही रहा। पटवारी की भूमिका यहीं महत्वपूर्ण दिखाई दी। उन्होंने कार्यक्रम को सिर्फ राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश करने के बजाय इसे युवा संवाद के रूप में स्थापित करने की कोशिश की।
फिर आया वह क्षण… जब मैदान की मेहनत मंच पर दिखाई दी
19 सितंबर की शाम रीजनल पार्क के सामने का इलाका युवाओं से भरा नजर आया। पोस्टर, प्लेकार्ड, संगीत और नारों के बीच कार्यक्रम का माहौल तैयार था।
फिर राहुल गांधी मंच पर पहुंचे।
जिस आयोजन के लिए पिछले कई दिनों से मैदान में तैयारियां चल रही थीं, उस मंच पर राहुल गांधी की मौजूदगी ने उसे राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बना दिया।
यहां कहानी का क्रम साफ दिखाई देता है -
पटवारी मैदान में थे, युवाओं तक पहुंच रहे थे।
टीम आयोजन की जमीन तैयार कर रही थी।
प्रशासनिक चुनौतियों के बीच कार्यक्रम को आकार दिया जा रहा था। और जब मंच तैयार हुआ, तो राहुल गांधी ने उसी मंच से युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श से जोड़ दिया। यानी ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक नेता का कार्यक्रम नहीं रहा। यह मैदान से मंच तक पहुंची एक राजनीतिक कवायद बन गई।
जीतू पटवारी के लिए असली कहानी क्या है?
किसी आयोजन की तस्वीर देखकर सिर्फ मंच पर मौजूद चेहरों को देखना आसान है। लेकिन बड़े कार्यक्रमों की सफलता के पीछे की मेहनत अक्सर कैमरे के फ्रेम से बाहर रहती है। इस आयोजन में तारीख बदली, स्थान बदला, प्रशासनिक प्रक्रियाएं बदलीं। सुरक्षा संबंधी शर्तें सामने आईं ,अतिरिक्त शुल्क को लेकर विवाद हुआ, राजनीतिक पोस्टर वार हुआ। इसके बावजूद कार्यक्रम अपने तय नए स्वरूप में आयोजित हुआ।
यही वजह है कि ‘छात्रों की गूंज’ की कहानी में राहुल गांधी मंच का सबसे बड़ा चेहरा जरूर रहे, लेकिन आयोजन की जमीन तैयार करने की भूमिका जीतू पटवारी की रही। राहुल गांधी ने मंच से जो माहौल बनाया, उसकी पृष्ठभूमि में पटवारी और कांग्रेस संगठन की कई दिनों की तैयारियां थीं।