Edited By meena, Updated: 02 Mar, 2026 03:59 PM

ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई की मौत को लेकर श्रीनगर, लखनऊ और दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में जारी विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में इंदौर भी शामिल हो गया...
इंदौर (सचिन बहरानी) : ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनेई की मौत को लेकर श्रीनगर, लखनऊ और दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में जारी विरोध प्रदर्शनों की कड़ी में इंदौर भी शामिल हो गया। जहां शहर में देर रात कागदीपुरा मस्जिद के बाहर शिया समुदाय के लोगों ने ईरान पर हमले और ईरानी नेतृत्व से जुड़ी घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी मौजूद रहीं, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी जताई।
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद सख्ती
देश के विभिन्न शहरों में हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए Ministry of Home Affairs ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के बाद इंदौर पुलिस अलर्ट मोड पर है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह के मुताबिक, शिया समुदाय को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि ऐसा कोई भी प्रदर्शन या गतिविधि न करें जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा हो। प्रशासन का कहना है कि विरोध दर्ज कराना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ी सुरक्षा
शहर के संवेदनशील मुस्लिम बहुल इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रातभर गश्त बढ़ा दी गई और ड्रोन व सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी संवाद स्थापित किया है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।

सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या देशविरोधी पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सीधे देशविरोधी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इंदौर पुलिस का कहना है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं भाईचारे का माहौल बनाए रखें।