Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Oct, 2026 01:10 PM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी निवासी बिलाश तांती शर्मा (शिवानी) के अंगदान को मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की मिसाल बताया है।
भोपाल। (इजहार खान): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी निवासी बिलाश तांती शर्मा (शिवानी) के अंगदान को मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार की मिसाल बताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर कहा कि सड़क दुर्घटना में ब्रेन डेड हुईं शिवानी के परिजनों ने असहनीय दुख की घड़ी में अंगदान का निर्णय लेकर ऐसा उदाहरण पेश किया है, जो सभी को प्रेरित करेगा।
सीएम मोहन यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि शिवानी के अंगदान से भोपाल के एम्स में तीन लोगों को जीवन का अनमोल उपहार मिला है। उन्होंने इस कठिन समय में परिवार द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना करते हुए इसे मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य शासन के निर्णय के अनुसार, शिवानी के पैतृक गांव में मध्य प्रदेश पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित किया।
सड़क हादसे में ब्रेन डेड हुई थीं शिवानी
नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी के ग्राम खापा खुर्द निवासी शिवानी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें भोपाल के एम्स में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इस दुखद परिस्थिति में परिजनों ने अंगदान का फैसला लिया।
परिवार के इस निर्णय से तीन लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी। अंगदान के इस फैसले ने एक बार फिर साबित किया कि किसी अपने को खोने का दुख असहनीय होता है, लेकिन उस दुख की घड़ी में लिया गया एक निर्णय दूसरे परिवारों के जीवन में खुशियां लौटा सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ रही अंगदान के प्रति जागरूकता
सीएम मोहन यादव ने अपने ट्वीट में कहा कि यह पहल दर्शाती है कि अंगदान के प्रति जागरूकता अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव ला रही है। समाज में जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है। शिवानी का यह महादान तीन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आया है। उनका योगदान मानवता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।