Edited By meena, Updated: 21 Jan, 2023 05:39 PM

बाघों के दीदार के लिए प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला वन परिक्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। परिक्षेत्र में पदस्थ सहायक परिक्षेत्र अधिकारी पर बाघ ने हमला कर दिया।
उमरिया(शैलेंद्र चतुर्वेदी): बाघों के दीदार के लिए प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला वन परिक्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। परिक्षेत्र में पदस्थ सहायक परिक्षेत्र अधिकारी पर बाघ ने हमला कर दिया। जिसके बाद वनरक्षक घायल हो गया और घायल सहायक परिक्षेत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, वन परिक्षेत्र ताला के गोहड़ी बीट में पदस्थ सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जितेंद्र मांसाहारी वन्य जीवों की गणना का कार्य करता था। इसी के चलते यहां पदस्थ सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जीतेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ जंगल में गए थे। वे ड्यूटी करके लौट रहे थे तभी झाड़ियों में से बाघ ने उनपर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से जीतेंद्र सिंह हड़बड़ा गए और नीचे गिर गए। बाघ ने उनके पैर पर झपट्टा मारा। जितेंद्र के साथियों ने हो हल्ला मचाया तो बाघ वापस झाड़ियों की तरफ चला गया। हमले में जितेंद्र सिंह घायल हो गया।
जानकारी लगते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचकर घायल सहायक परिक्षेत्र अधिकारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि घायल सहायक परिक्षेत्र अधिकारी के पैर में चोट आई है।