Edited By Himansh sharma, Updated: 30 May, 2025 09:51 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में घाटी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ।
छतरपुर। (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में घाटी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें आदिवासी समाज के करीब 20 लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि बड़ामलहरा क्षेत्र के सूरजपुरा ग्राम से बच्चे के पलना पूजन समारोह में शामिल होकर ग्रामीण अमानगंज के पाठा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और लोग घायल हो गए।
घायलों में स्वरूप आदिवासी, आरती आदिवासी, हल्की बाई, सजल, भज्जू वंशकार, धीरेन्द्र, रुक्मण, सिया बाई, दसरथ सहित करीब 20 लोग शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं गंभीर रूप से घायल पांच लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसा ट्रैक्टर चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।