ग्वालियर में भीषण हादसा, ट्रक की चपेट में आया 17 साल का छात्र, मौके पर मौत

Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Sep, 2026 03:01 PM

truck accident 17 year old student killed cctv footage surfaces

मध्यप्रदेश के ग्वालियर के मुरार इलाके में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्यप्रदेश के ग्वालियर के मुरार इलाके में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बड़ागांव खुरैरी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय लवकुश जाटव की ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय लवकुश जाटव मूल रूप से भिंड जिले के गोहद का रहने वाला था। शुक्रवार को वह अपने दोस्त प्रशांत के साथ किसी परिचित से मुलाकात कर बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बड़ागांव खुरैरी रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान लवकुश ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक सवार प्रशांत भी हादसे में घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में तेज रफ्तार ट्रक बाइक को टक्कर मारता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश और उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है।

बताया जा रहा है कि लवकुश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही गोहद से उसके परिजन ग्वालियर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़ागांव खुरैरी मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क हादसे होते हैं। रहवासियों ने मार्ग पर यातायात नियंत्रण और भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की है। फिलहाल मुरार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!