Edited By meena, Updated: 26 Sep, 2026 01:54 PM

उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के साथ शहर के पुराने हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण का काम भी शुरू हो गया है। इसी के तहत खजूर...
उज्जैन (विशाल सिंह) : उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के साथ शहर के पुराने हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण का काम भी शुरू हो गया है। इसी के तहत खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस प्रस्तावित सड़क की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का करीब 60 साल पुराना पैतृक मकान भी आ गया है।
रवींद्रनाथ टैगोर मार्ग स्थित मकान नंबर 180 में मुख्यमंत्री का जन्म हुआ था और उनका बचपन भी यहीं बीता। नगर निगम के सर्वे के बाद मकान के करीब 2.30 मीटर हिस्से पर लाल निशान लगाया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के परिवार ने सड़क चौड़ीकरण का समर्थन किया है।

इसी मार्ग पर मुख्यमंत्री की बहन और उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव का मकान भी प्रभावित हो रहा है। उनके मकान का करीब 3.8 मीटर हिस्सा प्रस्तावित चौड़ीकरण की सीमा में बताया गया है। मुख्यमंत्री के बचपन के साथी और भाजपा महामंत्री जगदीश पांचाल का मकान भी इसकी जद में है।
नगर निगम के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होंगे और परियोजना की अनुमानित लागत करीब 9.80 करोड़ रुपये है। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के पास नाप-जोख और शुरुआती कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री के दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह मकान बनवाया था। इसी घर में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बचपन बीता और उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआती यादें भी जुड़ी हैं।