Edited By Himansh sharma, Updated: 26 Sep, 2026 06:02 PM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी से जुड़े मामले में पुलिस ने आरोपी को बुरहानपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
भोपाल। (इजहार खान): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी से जुड़े मामले में पुलिस ने आरोपी को बुरहानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का कथित मकसद मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि अपने ही पिता को पुलिस कार्रवाई में फंसवाना था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने पिता से परेशान था और उन्हें गिरफ्तार करवाने के इरादे से उसने डायल-112 के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा।
मामला 23 सितंबर की सुबह का है। करीब 11:30 बजे डायल-112 के हेल्पलाइन नंबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेकर धमकी वाला मैसेज पहुंचा। संदेश सामने आने के बाद पुलिस महकमे में तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मैसेज भेजने वाले ने बाद में उसमें बदलाव किए थे। आरोपी ने संदेश को दो बार एडिट किया और फिर उसे डिलीट कर दिया। हालांकि, डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों ने समय रहते संदेश का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। यही डिजिटल साक्ष्य पुलिस की जांच में अहम साबित हुआ।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
धमकी वाले संदेश की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी को बुरहानपुर से पकड़ा गया है और उसे भोपाल लाकर पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर यह जानकारी मिली कि आरोपी अपने पिता से नाराज था। उसे उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री को धमकी देने के मामले में पुलिस उसके पिता को गिरफ्तार कर लेगी। इसी सोच के तहत उसने डायल-112 पर धमकी वाला संदेश भेजने की बात सामने आई है।
पहले भी पुलिस के संपर्क में आ चुका है आरोपी
पुलिस की जांच में आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। सामने आया है कि वह पहले बिना रेलवे टिकट यात्रा करने के मामले में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस धमकी भेजने के पीछे की पूरी वजह, आरोपी की मानसिक मंशा और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री को धमकी मिलने के मामले में डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हुई यह कार्रवाई अब जांच का अहम हिस्सा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के जरिए यह स्पष्ट करने में जुटी है कि धमकी केवल अपने पिता को फंसाने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।