Edited By meena, Updated: 08 Jun, 2026 06:01 PM

मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने के बाद राज्यसभा चुनाव बेहद रोचक हो गया है। एक तरफ भाजपा नेता तीसरी सीट पर अपनी जीत पक्की होने का दावा कर रहे हैं...
भोपाल : मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने के बाद राज्यसभा चुनाव बेहद रोचक हो गया है। एक तरफ भाजपा नेता तीसरी सीट पर अपनी जीत पक्की होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र का चीरहरण बताते हुए क्रॉस वोटिंग की आशंका जताई है। इसी बीच आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है और भाजपा उनके विधायकों को 10-10 करोड़ रुपए तक का ऑफर दे रही है।
दरअसल, बीजेपी ने नामांकन दाखिल करने के 1 दिन पहले तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतार कर कांग्रेस की परेशानी बढ़ा दी है। कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। इसी बीच कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि बीजेपी का हाल तीन तिगड़ा काम बिगड़ा होने वाला हैं। इन्होंने हमेशा लोकतंत्र को कुचलकर उसका गला घोंटने का काम किया, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन की ही जीत होगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा महिला सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने तीन में से एक भी महिला को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को भाजपा नेताओं के फोन आ रहे हैं। भाजपा साम दाम दंड भेद की नीति अपनाकर कैसे न कैसे जीतना चाहती है। भाजपा या तो दवाब बनाकर विधायकों को अपने पक्ष में करती है या लालच देकर विधायकों को तोड़ने का काम करती है। उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी की और से कांग्रेस विधायकों को 5 से 15 करोड़ रुपए तक के ऑफर दिए जा रहे हैं, लेकिन इस बार जोड़ तोड़ की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जो बिकाऊ थे वह जा चुके हैं और टिकाऊ बचे हैं, जो 18 जून को बीजेपी को जवाब देंगे। उनका दावा है कि भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने और विपक्ष को दबाने की कोशिश की है, लेकिन इस बार उसकी रणनीति सफल नहीं होगी।
विक्रांत भूरिया ने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों को बचाने के लिए रणनीति के तहत काम कर रही है, जो करना पड़ेगा वह किया जाएगा। बीजेपी ओवर कॉन्फिडेंस में हैं, उनको जल्द इसका जवाब मिल जाएगा। बीजेपी और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भले ही दावा कर लें, लेकिन 18 जून को उनके दावे के बीच बात की जाएगी। भूरिया ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा चुनाव में पार्टी के सभी विधायक साथ खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस उम्मीदवार को पूरा समर्थन मिलेगा और भाजपा की राजनीतिक गणित गड़बड़ा सकती है।