Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Jul, 2026 06:13 PM

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं देकर पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुका है और जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार रणनीतिक फैसले लिए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के लिए विधानसभा प्रभारी और सह-प्रभारी की घोषणा करते हुए सूची जारी कर दी है। पार्टी ने ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि राहुल कोठारी को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा का मानना है कि अनुभवी नेताओं की निगरानी में चुनावी अभियान को और मजबूती मिलेगी। दोनों नेता बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की बैठकें और जनसंपर्क अभियान की कमान संभालेंगे। पार्टी का पूरा फोकस दतिया सीट को हर हाल में जीतने पर है, इसलिए संगठन से लेकर सरकार तक के वरिष्ठ नेता लगातार क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
दतिया उपचुनाव इस बार प्रदेश की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया है। एक ओर भाजपा जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखने की रणनीति पर काम कर रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। ऐसे में भाजपा द्वारा प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा की यह नई टीम दतिया में चुनावी समीकरणों को किस तरह अपने पक्ष में मोड़ती है और उपचुनाव में पार्टी को कितनी बढ़त दिला पाती है।