Edited By Desh Raj, Updated: 11 Jul, 2026 11:13 PM

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर उनके नाम पर मुहर लगाई।
दतिया (नवल यादव ):दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर उनके नाम पर मुहर लगाई। इसके साथ ही दतिया में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा चुनावी मुकाबला तय हो गया है।
घनश्याम सिंह दतिया राजघराने के मुखिया हैं और इससे पहले भी विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रत्याशी घोषित होने के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव की पूरी तैयारी कर ली गई है और पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
कौन हैं घनश्याम सिंह?
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह दतिया में एक बड़ा और पहचाना हुआ नाम हैं। वह दो बार के विधायक रह चुके हैं और उनका ताल्लुक तत्कालीन रियासत दतिया राजघराने से है। क्षेत्र में उनकी पहचान एक शांत, शालीन और लगातार सक्रिय रहने वाले जमीनी नेता के तौर पर होती है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ और जनता के बीच उनकी साफ-सुथरी छवि को देखते हुए ही उन पर दोबारा भरोसा जताया है। लिहाजा दतिया का दंगल नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और बीजेपी की ओर से आशुतोष तिवारी को टिकट दिए जाने के बाद और रोचक हो गया है।
वैसे देखा जाए तो दतिया सीट से भाजपा ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जिसके बाद नरोत्तम समर्थकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, इस मौके का कांग्रेस फायदा उठाना चाहती है।
भाजपा के भीतर मचे बवाल और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को कांग्रेस किसी भी स्थिति में भुनाना चाहती है । हालांकि भोपाल में जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी जीत का दावा किया और समर्थकों से शांत रहने की अपील की है।