Edited By Vandana Khosla, Updated: 10 Jul, 2026 03:20 PM

MP desk: मध्यप्रदेश में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 38वीं किश्त को लेकर इंतजार खत्म होने वाला है। जी हां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को राज्य की करोड़ों महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भिण्ड जिले के लहार से योजना की 38वीं किश्त जारी...
MP desk: मध्यप्रदेश में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 38वीं किश्त को लेकर इंतजार खत्म होने वाला है। जी हां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को राज्य की करोड़ों महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भिण्ड जिले के लहार से योजना की 38वीं किश्त जारी करेंगे। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार पहुंचेंगे, जहां वे एक कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भाजपा विधायक अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) के निवास पर पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना भी व्यक्त करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम पहले मेहगांव के मंडी परिसर में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे लहार स्थानांतरित कर दिया गया। कार्यक्रम के मद्देनजर मंत्री राकेश शुक्ला, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना तथा अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व निर्धारित स्थल पर तैयारियों का जायजा भी लिया था।
वहीं, मुख्यमंत्री का लहार प्रवास दोपहर लगभग एक बजे से तीन बजे तक प्रस्तावित है। देर शाम तक कार्यक्रम स्थल का अंतिम चयन नहीं हो सका था। बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पक्के स्थान पर आयोजन की व्यवस्था करने में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के लहार आगमन की सूचना मिलते ही विधायक अम्बरीश शर्मा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।