Edited By meena, Updated: 13 Jul, 2026 02:16 PM

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी एवं दतिया राजघराने के प्रमुख घनश्याम सिंह ने आज सोमवार को समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के पास नामांकन पत्र दाखिल...
भोपाल/दतिया : मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी एवं दतिया राजघराने के प्रमुख घनश्याम सिंह ने आज सोमवार को समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के पास नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पीसी शर्मा, फूल सिंह बरैया एवं अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इस उपचुनाव में कांग्रेस किसी प्रकार का कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसलिए राज्यसभा चुनाव के दौरान नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुई गल्ती को सुधारते हुए इस बार नामांकन जमा करने के अंतिम दिन कांग्रेस ने मुख्य प्रत्याशी के साथ दो डमी उम्मीदवारों के भी नामांकन पत्र जमा करवाया। पार्टी ने यह कदम किसी संभावित तकनीकी बाधा से बचने की रणनीति के तहत उठाया है।
नामांकन के बाद भैरव मंदिर के पास आमसभा हुई। सभा में पहुंचने के लिए वरिष्ठ नेता राजेंद्र भारती, पीसी शर्मा और अशोक सिंह थोड़ी देरी से पहुंचे। उन्होंने सभा में आते ही कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।
मीडिया से रुबरू होते हुए राजेंद्र भारती ने जीत का भरोसा जताया। उन्होंने अंगूठा दिखाकर कहा कि दतिया की जनता मन बना चुकी है। 2023 में जो जनादेश मिला था, वही 2026 में भी दोहराया जाएगा। भाजपा में टिकट कटने को लेकर मचे घमासान पर उन्होंने तंज कसा। नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के सवाल पर बोले कि इससे सिर्फ कांग्रेसी ही नहीं, दतिया की आम जनता भी खुश है। 20 साल की सत्ता से लोग त्रस्त हो चुके हैं।
घनश्याम सिंह ने नामांकन दाखिल करने से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती तथा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित अन्य नेताओं के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद पत्रकारों से चर्चा में सिंह ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है और मुकाबला सीधे भाजपा से है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आजाद समाज पार्टी को भाजपा की ‘बी टीम' बताते हुए कहा कि मतदाता उसे समर्थन नहीं देंगे।