कायम है नरोत्तम का जलवा,ओरछा से आई तस्वीर में दिखा "दादा का दम", CM मोहन और BJP दिग्गजों के साथ फोटो बनी सुर्खियां

Edited By meena, Updated: 31 Aug, 2026 04:32 PM

narottam s clout a show of strength visible in a photo from orchha

दतिया उपचुनाव के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में एक तस्वीर ने फिर चर्चाओं को हवा दे दी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ओरछा में...

निवाड़ी : दतिया उपचुनाव के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में एक तस्वीर ने फिर चर्चाओं को हवा दे दी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के साथ नजर आए। मौका था बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे और अंतिम दिन का। नरोत्तम मिश्रा ने खुद इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया है।

PunjabKesari

ओरछा में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐतिहासिक जहांगीर महल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने यहां चल रहे संरक्षण और निर्माण कार्यों का जायजा लिया और कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। खास बात ये रही कि इस दौरान नरोत्तम मिश्रा के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी नजर आए। नरोत्तम मिश्रा ने इन तस्वीरों को साझा करते हुए कहा कि वे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री के साथ जहांगीर महल पहुंचे।

दरअसल, दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान बीजेपी के भीतर टिकट और स्थानीय सियासत को लेकर नरोत्तम मिश्रा का नाम लगातार चर्चा में रहा था। दतिया में भाजपा की हार के लिए चर्चाओं में कहीं न कहीं नरोत्तम मिश्रा को जिम्मेदार बताया जा रहा था और कयास लगाए जा रहे थे कि अब नरोत्तम मिश्रा को भाजपा तरजीह नहीं देगी। लेकिन उपचुनाव के बाद अब ओरछा में मुख्यमंत्री और संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि तस्वीरों में साफ तौर पर संगठन के वरिष्ठ नेताओं के बीच सहज संवाद और साथ मौजूदगी दिखाई दे रही है।

वहीं राम राजा मंदिर दौरे को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश की विरासत और संस्कृति को सहेजने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्मारकों, संस्कृति, साहित्य, लोक कहावतों और मुहावरों को सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमेशा प्राथमिकता रही है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अगर किसी ने ओरछा का पहले और हाल ही में दौरा किया है, तो उसे बदलाव का स्पष्ट अंतर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और शिव प्रकाश ने सभी को यह बदलाव दिखाया है।

ओरछा में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच सामने आई ये तस्वीरें इसलिए भी अहम हैं, क्योंकि दतिया उपचुनाव के बाद पार्टी के भीतर आगे की रणनीति पर मंथन का दौर जारी है। ऐसे में संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है। फिलहाल बीजेपी की ओर से इन मुलाकातों को लेकर कोई राजनीतिक संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन दतिया उपचुनाव के बाद ओरछा में एक ही फ्रेम में नजर आए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री और नरोत्तम मिश्रा की तस्वीरें मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय जरूर बन गई हैं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!