Edited By meena, Updated: 19 Mar, 2026 03:19 PM

छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस रवि मित्तल को प्रतिनियुक्ति पर प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है...
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस रवि मित्तल को प्रतिनियुक्ति पर प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है। वर्तमान में आईएएस रवि मित्तल जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। जारी आदेश में लिखा है, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने रवि मित्तल, आईएएस (सीजी:2016), जो वर्तमान में इस कैडर में हैं, को प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है।
डॉ रवि मित्तल 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे हाल ही में जशपुर कलेक्टर के पद पर पदस्थ रहे। डॉ मित्तल ने महासमुंद, रायगढ़ व रायपुर में जिला पंचायत सीईओ के रूप में कार्य किया है। वे 2018 में बगीचा एसडीएम भी रह चुके हैं। डॉ रवि मित्तल ने मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज दिल्ली से एमबीबीएस किया और फिर वे भारतीय प्रशासनिक सेवा में आये ।