भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर इन जिलों में होगा राज्यस्तरीय समारोह, CM मोहन धार में करेंगे रोड-शो; ग्रामीणों से भी संवाद

Edited By Vandana Khosla, Updated: 11 Nov, 2026 01:23 PM

a state level event will be held in these districts to mark the birth anniversar

भोपाल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर राज्य सरकार 14, 15 एवं 16 नवम्बर को त्रिदिवसीय जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसके तहत राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में 14...

भोपाल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर राज्य सरकार 14, 15 एवं 16 नवम्बर को त्रिदिवसीय जयंती समारोह मनाने जा रही है। इसके तहत राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में 14 नवम्बर को जबलपुर, 15 नवम्बर को धार एवं जोबट (जिला आलीराजपुर) और 16 नवम्बर को खंडवा जिले में राज्यस्तरीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। धार जिले में 15 नवम्बर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

PunjabKesari

धार में होगा बड़ा कार्यक्रम

राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 नवम्बर को धार पहुंचेगें तथा भगवान बिरसा मुंडा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री डा. यादव धार जिले में रोड शो भी करेंगे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच जायेंगे और उनसे संवाद कर शासकीय योजनाओं के लाभ प्रदाय का फ़ीडबैक भी लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के तहत पात्र पट्टेधारियों के प्लाट और मकान की रजिस्ट्री का अपने समक्ष निष्पादन भी करायेंगे। साथ ही धार जिलेवासियों को करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। भगवान बिरसा मुंडा जयंती को और भी विशेष बनाते हुए मुख्यमंत्री डा. यादव इसी दिन 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' का लोकार्पण कर धार और आलीराजपुर जिले के किसानों के खेतों में नर्मदा जल से सिंचाई का अनुपम उपहार देंगे।

एक सिंचाई परियोजना बदलेगी दो जिलों की तकदीर और तस्वीर

प्रदेश के जनजातीय अंचलों में विकास की नई इबारत लिखने और किसानों के खेतों में टेल एंड तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की दिशा में मप्र सरकार का एक और महत्वपूर्ण प्रयास अब धरातल पर उतरने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 15 नवम्बर को जनजातीय बहुल धार जिले के पुलिस ग्राउंड डही में होने वाले राज्यस्तरीय आयोजन में नवनिर्मित 'डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना' का लोकार्पण करेंगे। मां नर्मदा के जल से सिंचित होने वाली यह एक महत्वाकांक्षी परियोजना धार और आलीराजपुर दो जिलों के  कुल 126 गांवों के किसानों के लिए खेती-किसानी की समृद्धि और नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारा संकल्प है कि खेतों तक पानी पहुंचे, किसान समृद्ध हों और जनजातीय अंचल विकास की मुख्यधारा में अपनी नई पहचान बनाए। डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

डही इरीगेशन प्रोजेक्ट के बारे में

डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को रबी मौसम में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लगभग 1 लाख 26 हजार किसान लाभान्वित होंगे। परियोजना के जरिए 166.51 मिलियन घनमीटर जल उद्वहन कर 47000 हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना के संचालन के लिए 58.87 मेगावाट विद्युत म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा कुक्षी तहसील क्षेत्र में स्थित 220 केवी अति उच्च दाब सुसारी सब-स्टेशन तथा जोबट स्थित 132 केवी सब-स्टेशन से विद्युत आपूर्ति की जाएगी। परियोजना से धार जिले की कुक्षी तहसील क्षेत्र में 13,180 हेक्टेयर एवं डही तहसील क्षेत्र में 15,895 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसी परियोजना से आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील क्षेत्र में 15,963 हेक्टेयर, सोण्डवा तहसील क्षेत्र में 1,759 हेक्टेयर एवं आलीराजपुर तहसील क्षेत्र में 1,958 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की स्थायी सुविधा का लाभ मिलेगा। परियोजना से गेहूं, चना, सब्जियों और चारा फसलों सहित विभिन्न फसलों के उत्पादन को और भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही फसल विविधीकरण और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। यह परियोजना लक्षित जनजातीय अंचल में कृषि विकास, जल संरक्षण और किसानों की खुशहाली का नया अध्याय लिखेगी।

परियोजना की लागत और क्षमता

करीब 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित इस परियोजना का निर्माण कार्य 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है। वर्तमान में परीक्षण (टेस्टिंग) का काम चल रहा है। परियोजना की विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक है। इसमें मां नर्मदा नदी से डही तहसील के ग्राम कातरखेड़ा के समीप निर्मित इंटेक संरचना के जरिए जल का उद्वहन कर अत्याधुनिक दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन से यह जल किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पांच आधुनिक पम्प हाउसेस निर्मित किए गए हैं। इसमें लगभग 58 किलोमीटर राइजिंग मेन तथा हजारों किलोमीटर वितरण क्षमता वाली पाइपलाइन्स का निर्माण किया गया है। यहां सम्पूर्ण सिंचाई व्यवस्था जल के संरक्षण और इसके अधिकतम उपयोग को ध्यान में रखकर विकसित की गई है।

कृषि चौपाल और कृषि पाठशालाओं से किसानों को मिलेगा आधुनिक खेती का प्रशिक्षण

परियोजना का लाभ सिंचाई सुविधा तक ही सीमित न रहे, बल्कि किसान आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाकर अपनी आय भी बढ़ा सकें, इस उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 11 से 15 नवम्बर तक परियोजना क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल एवं कृषि पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें किसानों को आधुनिक खेती के तौर-तरीकों, जल प्रबंधन, सिंचाई जल के प्रभावी उपयोग तथा फसल विविधीकरण के लाभों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को वैज्ञानिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के संबंध में प्रशिक्षित भी किया जाएगा।

लोकार्पण समारोह में दिखेगी आधुनिक खेती की तस्वीर, लगेगी ‘स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग’ की लाइव प्रदर्शनी

धार में जनजातीय गौरव दिवस समारोह स्थल पर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से रूबरू कराने के लिए ‘स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग’ विषय पर विशेष लाइव प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया जाएगा। इसमें कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग संयुक्त रूप से सहभागिता करेंगे। प्रदर्शनी में आधुनिक कृषि प्रणालियों, उन्नत तकनीकों, वैज्ञानिक खेती के तरीकों और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। किसानों को तकनीकों का लाइव प्रदर्शन दिखाकर उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में बताया जाएगा। इसमें  किसानों को खेती के साथ उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियां अपनाकर आमदनी बढ़ाने के नये साधनों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

"जनजातीय गौरव दिवस' आयोजन के लिए शासन ने जारी किए निर्देश

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्यस्तरीय समारोह के अलावा जिलों में भी विभिन्न कार्यकम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स तथा जनजातीय कार्य एवं अनूसूचित जाति विकास विभाग के जिलाधिकारियों को 88 जनजातीय विकासखंडों में "जनजातीय गौरव दिवस' के विभिन्न आयोजनों के संबंध में बीते मंगलवार को ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शासन ने सभी विभागीय हाई स्कूलों, हायर सेकंडरी स्कूलों, विशिष्ट विद्यालयों सहित छात्रावास एवं आश्रम शालाओं में 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागीय विद्यालयों में 16 से 18 नवम्बर तक भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा/देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान पर केंद्रित सांस्कृतिक/साहित्यिक कार्यक्रम तथा जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित आयोजन की जाएंगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!