Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Sep, 2026 11:17 AM

मध्य प्रदेश के बीना में शनिवार को सड़क हादसे के बाद उस समय माहौल गरमा गया
बीना। मध्य प्रदेश के बीना में शनिवार को सड़क हादसे के बाद उस समय माहौल गरमा गया, जब दुर्घटना में शामिल बोलेरो को पुलिस ने जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। वाहन जब्ती के विरोध में उसके चालक के पिता और स्थानीय बीजेपी नेता रमेश जड़िया अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पुलिस और नेता के बीच तीखी बहस की स्थिति बन गई और बीजेपी नेता सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। इस घटनाक्रम के कारण सर्वोदय चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बीना-खिमलासा मार्ग पर कोर्ट के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धनोरा गांव निवासी भविष्य अहिरवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद बोलेरो चालक आनंद जड़िया मौके से वाहन लेकर निकल गया।
घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखकर वहां से गुजर रहे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रभु सिंह ठाकुर ने तत्काल मदद की। उन्होंने अपनी कार से घायल भविष्य अहिरवार को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भी घायल की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
इधर, पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार बोलेरो की तलाश शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन को सर्वोदय चौराहे के पास रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। वाहन जब्त किए जाने की जानकारी मिलते ही चालक के पिता और स्थानीय एल्डरमैन रमेश जड़िया समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। देखते ही देखते मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिसकर्मियों के साथ उनकी तीखी बहस होने लगी।
विरोध जताते हुए रमेश जड़िया सड़क पर ही बैठ गए। उनके समर्थकों के भी मौके पर जुटने से चौराहे पर कुछ समय के लिए स्थिति बिगड़ गई। करीब 15 से 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया और उसे थाने ले गई। हादसे में घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले में दुर्घटना, वाहन चालक के मौके से चले जाने और बाद में वाहन जब्ती के दौरान हुए विवाद को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।