स्ट्रीट लाइट के खंभे में दौड़ रहा करंट ले गया BJP नेता की जान, घर पर लगी कार्यकर्ताओं की भीड़, मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

Edited By Himansh sharma, Updated: 28 Sep, 2026 12:50 PM

bjp leader dies after electric shock in bhopal

राजधानी भोपाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्य ऋषि तिवारी के असमय निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक की लहर है।

भोपाल। राजधानी भोपाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्य ऋषि तिवारी के असमय निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक की लहर है। 29 वर्षीय दिव्य ऋषि तिवारी की रविवार रात एमपी नगर इलाके में करंट लगने के बाद मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद सोमवार सुबह से ही टीटी नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी में उनके निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं, रिश्तेदारों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि दिव्य ऋषि तिवारी रविवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ एमपी नगर स्थित एक मॉल गए थे। खरीदारी के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़े।

हादसे के समय वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने तत्काल स्थिति संभालने की कोशिश की। उन्होंने दिव्य ऋषि को सीपीआर दिया और उनकी हालत में सुधार लाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें ऑटो की मदद से निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एम्स रेफर किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खंभे में विद्युत प्रवाह किस वजह से हुआ और इसमें विद्युत व्यवस्था से जुड़ी कोई लापरवाही तो नहीं थी। घटना से जुड़े तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

दिव्य ऋषि तिवारी पत्रकार कॉलोनी, टीटी नगर के निवासी थे और जिला न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में भी कार्य करते थे। उनका परिवार लंबे समय से विधि क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके पिता आनंद तिवारी जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव रह चुके हैं और वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनके बड़े भाई दिव्यअंकुर तिवारी प्रोफेसर हैं।

युवा मोर्चा में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे दिव्य ऋषि तिवारी के निधन की खबर से भाजपा संगठन से जुड़े लोगों में भी शोक का माहौल है। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।

सोमवार सुबह उनके निवास पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों और करीबियों के बीच माहौल गमगीन रहा। बड़ी संख्या में दोस्त, रिश्तेदार और परिचित भी दिव्य ऋषि तिवारी के अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचे।

एक युवा भाजपा नेता और अधिवक्ता के रूप में सक्रिय दिव्य ऋषि तिवारी का इस तरह अचानक चले जाना परिवार और उनके साथ काम करने वाले लोगों के लिए गहरा सदमा है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!