Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Oct, 2026 06:21 PM

जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 31 स्थित एक मकान से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है।
दतिया। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 31 स्थित एक मकान से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 8 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस टीम जब सूचना के आधार पर वार्ड 31 पहुंची और संबंधित मकान की घेराबंदी शुरू की तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचते ही भाजपा पार्षद के पति राकेश साहू के पिछले रास्ते से निकलकर फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बाथरूम में छिपाकर रखी थी शराब
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, मकान के बाहर बने बाथरूम की तलाशी लेने पर शराब की पेटियां मिलीं। तलाशी के दौरान कुल 8 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शराब को अवैध रूप से संग्रहित किए जाने की बात सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से मुकेश साहू और दिनेश चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। दोनों से शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस स्थान पर खपाने की तैयारी थी।
पार्षद के पति समेत तीन के खिलाफ केस
पुलिस ने मामले में राकेश साहू, मुकेश साहू और दिनेश चतुर्वेदी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। राकेश साहू कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी मात्रा में शराब को मकान में कब और किस माध्यम से लाया गया था।
थाना प्रभारी की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में सब इंस्पेक्टर भास्कर शर्मा और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र शाक्य सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।